नोएडा , जनवरी 21 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 36 स्थित साइबर अपराध थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पेटीएम पेमेंट बैंक से जुड़े एक गंभीर साइबर धोखाधड़ी मामले में दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सूचना के आधार पर मंगलवार और बुधवार को कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अलग अलग स्थानों जयपुर और नोएडा से गिरफ्तार किया।

साइबर पुलिस ने बुधवार को कहा कि आरोपियों ने पेटीएम पेमेंट बैंक के उन खातों को अवैध तरीके से डी-फ्रीज कराया, जिन्हें विभिन्न शिकायतों के चलते फ्रीज किया गया था। बिना किसी प्रवर्तन एजेंसी या न्यायालय की अनुमति के कंप्यूटर डाटा चोरी कर खातों को डी-फ्रीज कराया गया और करीब तीस लाख रुपए की धनराशि को धोखाधड़ी से जारी करा लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित