नोएडा , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने मंगलवार को शहर के विभिन्न सेक्टरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था, अनुरक्षण कार्य और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह समेत विभिन्न वर्क सर्किलों के वरिष्ठ प्रबंधक भी मौजूद रहे।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा मंगलवार को निरीक्षण उपरांत जानकारी दी गई, कि निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी, मलबा, क्षतिग्रस्त नालियां और अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
नोएडा सैक्टर-8 के ई-नौ के पास मलबे का ढेर मिलने पर वहां तैनात सफाईकर्मी राहुल और सोनी तथा हेल्थ सुपरवाइजर श्रीप्रकाश मिश्रा की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए गए, जबकि अवर अभियंता हरेन्द्र मलिक का दस दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
नोएडा सैक्टर-57 में सी-4 के पास कूड़ा और सी-60 से 63 के पास भारी मात्रा में मलबा मिलने पर क्षेत्र के सुपरवाइजर आजाद की सेवा समाप्त करने को कहा गया।
सैक्टर-63 में नाले में भारी मात्रा में कूड़ा मिलने से नाला जाम पाया गया। इस मामले में सफाईकर्मी धर्मवीर और सुपरवाइजर आकाश की सेवा समाप्त करने, प्रबंधक को चेतावनी जारी करने और संबंधित संविदाकार को ब्लैकलिस्ट करने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालियां क्षतिग्रस्त मिलीं, जिनकी मरम्मत के निर्देश दिए गए। सैक्टर-11 के एच-ब्लॉक मार्केट के पास ड्रेन पर प्रीकास्ट स्लैब लगाकर पाथवे जोड़ने को कहा गया। सैक्टर-55 में ट्राईपॉड पर पड़े मलबे को हटाने और होटल रेडिसन ब्लू के पास सर्विस रोड की कनेक्टिविटी सुधारने के निर्देश दिए गए।
खोड़ा क्षेत्र के पास सेंट्रल वर्ज में गंदगी मिलने पर तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। सैक्टर-62 में सड़कों पर पत्ते और उद्यानिक कचरा मिलने पर तत्काल सफाई कराने को कहा गया। साथ ही सर्विस रोड पर जमी गंदगी को हटाकर उसे यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए गए।
सैक्टर-62 में नाले के ऊपर फुटपाथ बनाने, सड़कों पर घूम रही निराश्रित गायों को अभियान चलाकर गौशाला भेजने और सैक्टर-62 स्थित बारातघर के नवीनीकरण के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा फोर्टिस अस्पताल के पास सड़क के सौंदर्यीकरण की योजना बनाने को कहा गया।
सैक्टर-63 के आंतरिक मार्गों और सेंट्रल वर्ज में सूखे पत्ते, उपले और टहनियों का कूड़ा मिलने पर तत्काल सफाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम बरौला के पास 75 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे मेट्रो के बीच प्राधिकरण की जमीन पर झुग्गियां बनाकर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए। इसी मार्ग पर सैक्टर-107 के समानांतर नाले की टूटी दीवार और सोसायटी गेट पर बाहर निकले सरियों को सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक बताते हुए तत्काल सुधार करने को कहा गया।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर एमिटी स्कूल की ओर जाने वाली सर्विस रोड की खराब हालत को देखते हुए तुरंत पैच रिपेयर कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रीन बेल्ट में बने अवैध झुग्गी अतिक्रमण हटाने को कहा गया।
डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर संबंधित एजेंसी ए.जी. एन्वायरो इंफ्रा प्रोजेक्ट प्रा. लि. पर पांच लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित