नोएडा , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में हुई महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को सर्फाबाद गांव में फूलजहाँ नामक महिला की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-113 थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और विभिन्न टीमों का गठन किया।

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी मोहम्मद शफीक उर्फ जावेद (45) को टिवोली फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और मृतका का मोबाइल फोन बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतका के बेटे के साथ समलैंगिक संबंध था, जिसे मृतका पसंद नहीं करती थी। आरोपी ने इस संबंध को बनाए रखने के लिए एक योजना बनाई थी, जिसके तहत वह अपनी मौसी की बेटी की शादी मृतका के बेटे से कराना चाहता था। हालांकि, मृतका लगातार इस प्रस्ताव का विरोध कर रही थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित