नोएडा , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-58 थाना क्षेत्रान्तर्गत मेरठ-दिल्ली हाईवे पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो ट्रक चालकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह हादसा कल देर रात उस समय हुआ जब तीन वाहनों की आपस में टक्कर हो गयी और राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस को जैसे ही घटना की सूचना मिली तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य करते हुए बाधित यातायात स्थिति सुचारू किया। पुलिस ने बताया कि सेक्टर 58 थाना क्षेत्र अंतर्गत मेरठ की ओर से आ रही एक पिकअप गाड़ी बीच वाली लेन में आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद पिकअप चालक अमित वाहन में फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए मौके पर मौजूद तीन ट्रक चालकों ने अपने ट्रक साइड में खड़े कर मदद शुरू की।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे सब्जी से लदे ट्रक ने खड़े ट्रकों और वहां मौजूद चालकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक देवेंद्र (34) निवासी ढकिया हमीद नगर, शाहजहांपुर तथा गोविंद चौहान (35) निवासी फददपुर ऐरावाला बास, आजमगढ़ की इलाज के दौरान मौत हो गई।
वहीं वीरेंद्र (24), साहिल और हरिओम (35) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
एवं पुलिस द्वारा मृतक तथा घायलों के परिजनों से संपर्क किया गया है साथ ही ट्रांसपोर्ट संचालक से संपर्क कर अवगत कराया गया है।
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया की क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित