गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन शांति का माहौल बनाये रखने को लेकर सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने नोएडा के सेक्टर-84 स्थित रिचाको एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण कर श्रमिकों से सीधे संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

जिलाधिकारी की ओर से बुधवार को निरीक्षण की जानकारी साझा की गयी। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान श्रमिकों से कार्य परिस्थितियों, वेतन, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को लेकर विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने श्रमिकों को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा उनके हित में लिए गए निर्णयों के बारे में अवगत कराते हुए बताया कि हाल ही में वेतन वृद्धि, बोनस और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना और उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर कार्य वातावरण प्रदान करना है।

इस अवसर पर कंपनी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की गाइडलाइंस का पूर्ण रूप से पालन किया जाए और श्रमिकों की सुविधाओं व सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने महिला श्रमिकों से भी विशेष रूप से बातचीत की और उनकी सुरक्षा, सुविधाओं एवं कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि महिला श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

श्रमिकों ने सरकार द्वारा की गई वेतन वृद्धि और अन्य कल्याणकारी निर्णयों पर संतोष जताते हुए माननीय मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन के इस प्रयास से औद्योगिक क्षेत्रों में सकारात्मक माहौल बनने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित