नोएडा , मार्च 07 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नोएडा पुलिस की एक्सप्रेस‑वे थाना पुलिस ने पिता की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की भारी ठोस पिन (हुक) भी बरामद की है।
पुलिस ने शनिवार को हत्या का खुलासा कर जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि गत एक मार्च को एक्सप्रेस-वे थाना क्षेत्र के यमुना डूब क्षेत्र नोएडा सेक्टर‑135 में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जहां पुलिस द्वारा मृतक की पहचान राकेश कुमार पुत्र गिंदर, निवासी जरीफनगर, जिला बदायूं (हाल निवास यमुना डूब क्षेत्र नोएडा सेक्टर-135 ) के रूप में हुई। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस, स्थानीय जानकारी और साक्ष्य संकलन के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी सतेन्द्र कुमार पुत्र राकेश को छपरौली लेबर चौक नोएडा सेक्टर‑168 से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की भारी ठोस पिन (हुक) भी बरामद कर ली।
पुलिस ने बताया कि आरोपी और उसके पिता के बीच लंबे समय से वाहन की किस्त के पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। आरोपी ने 28 फरवरी की रात इसी विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने लोहे के हुक से पिता पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से राकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को यमुना डूब क्षेत्र में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित