गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 19 -- भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित पुस्तकालय एवं दलित उत्थान सेवा समिति द्वारा "जश्न-ए-भीमोत्सव" का भव्य आयोजन किया गया।
देर रात तक चले इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के मंत्री असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ नोएडा के विधायक पंकज सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि असीम अरुण ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने पर जोर देते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन समाज को समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर ही एक समतामूलक समाज की स्थापना संभव है।
विधायक पंकज सिंह ने भीमोत्सव को केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और एकता का मजबूत मंच बताया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विचार गोष्ठी और सामाजिक एकता के संदेशों ने माहौल को प्रेरणादायक बना दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं (मातृशक्ति) की भागीदारी ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित