नोएडा , मार्च 26 -- चैत्र नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश का नोएडा शहर पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह माता की चौकियां सजाई गईं और बड़े स्तर पर भंडारों का आयोजन किया गया। सेक्टरों, कॉलोनियों और सोसाइटियों में श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की।

गुरुवार अष्टमी के दिन कई घरों में पारंपरिक रूप से छोटी-छोटी कन्याओं को आमंत्रित कर उनका पूजन किया गया। उन्हें देवी का स्वरूप मानकर विधिवत पूजा की गई और भोजन प्रसाद व उपहार भेंट किए गए। सुबह से ही घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा।

शहर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भक्तजन माता के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। मंदिर परिसर "जय माता दी" के जयकारों से गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

नवरात्र के चलते बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। माता के श्रृंगार की सामग्री, चुनरी, नारियल, फूल-मालाएं और पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी हुई। इसके साथ ही फल बाजारों में भी अच्छी खासी भीड़ रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित