नोएडा , जनवरी 30 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 63 थाना पुलिस ने स्थानीय खुफिया और गोपनीय सूचना के आधार पर वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय अन्तर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह शातिर चोरों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चोरी की 14 मोटरसाइकिलें और एक ऑटो बरामद किया है।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नोएडा सेक्टर 63 थाना पुलिस द्वारा यह कार्रवाई जे-ब्लॉक सर्विस रोड ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में की गई। गिरफ्तार चोरों की पहचान राजू सक्सेना उर्फ टीटू, विपिन, अभिषेक, पवन, सुन्दरम और समीर अंसारी के रूप में हुई है। सभी लोग दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय थे और अलग-अलग राज्यों से ताल्लुक रखते हैं।

ये सभी एक साथ मिलकर गिरोह के रूप में चोरी के वाहनों से झपटमारी करते थे। पुलिस की जांच पड़ताल में इनके द्वारा किए गए कई अपराधों का खुलासा किया है कि गिरोह के सभी सदस्य दिल्ली-एनसीआर से मोटरसाइकिल और ऑटो चोरी कर उन्हें पार्किंग, सड़क किनारे या ग्रीन बेल्ट में खड़ा कर देते थे। इसके बाद इन चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल मोबाइल फोन छिनने में किया जाता था। गिरोह के सदस्य इन वाहनों को कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच भी देते थे।

पुलिस ने गिरोह के निशानदेही पर कब्जे में लिये गये जिन वाहनों को बरामद किया है उन पर कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं, इनसे बरामद मोटरसाइकिलों और ऑटो के संबंध में दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के विभिन्न थानों में चोरी के अथवा अन्य मामलों के तहत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनमें दिल्ली के खजूरी खास थाना में, ग्रेटर नोएडा बिसरख थाना, सेंट्रल नोएडा फेस दो थाना , नोएडा सेक्टर 24 थाना, गाजियाबाद, मधुबन, बापूधाम थाना सहित अन्य थाने शामिल हैं।

गिरोह के एक सदस्य समीर अंसारी पर पहले से संगीन मामले दर्ज हैं इसके खिलाफ आयुद्ध अधिनियम, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज सामने आए हैं, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की पुष्टि होती है।

पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गैंग के खिलाफ नोएडा सेक्टर-63 थाने पर संबंधित मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरोह से जुड़े अन्य अपराधों और संभावित सहयोगियों की तलाश के लिए आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित