नोएडा , अप्रैल 10 -- कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर पुलिस आयुक्त ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। अपराध समीक्षा बैठक के दौरान फेज दो थाना के प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार और एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) इंचार्ज पारुल पुनिया को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। दोनों अधिकारियों पर एक मामले में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है।
पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी साझा की, जिसमें बताया गया कि,पुलिस आयुक्त द्वारा गुरुवार को आयोजित अपराध मीटिंग में जिले के सभी थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सामने आया कि कुछ मामलों में अपेक्षित सतर्कता और त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, जिसे गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को यह सख्त कदम उठाया गया।
नोएडा फेज दो थाना के प्रभारी अवधेश कुमार की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया। वहीं, खुफिया सूचनाओं के संकलन और विश्लेषण में लापरवाही के चलते एलआईयू इंचार्ज पारुल पुनिया पर भी कार्रवाई की गई।
बैठक में अन्य कई थाना प्रभारियों को भी स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित