नोएडा , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश के सेक्टर नोएडा 138 स्थित आईटी कंपनी कॉर्पोरेट सूचना प्रौद्योगिकी निजी लिमिटेड (सीआईपीएल) को देश की अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस कंपनी तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के एआई आधारित आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का अनुबंध हुआ है।
सोमवार को हुए अनुबंध संबंधित जानकारी साझा करते हुए कम्पनी अधिकारियों ने बताया कि, करीब एक सौ पच्चीस करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के तहत सीआईपीएल अगले तीन वर्षों तक ओएनजीसी के आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर का प्रबंधन करेगी। इस परियोजना का उद्देश्य ओएनजीसी के आईटी सिस्टम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को लागू करना और आईटी संचालन को अधिक सक्षम, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाना है।
परियोजना के तहत सीआईपीएल, ओएनजीसी के देशभर में स्थित सैंतालीस अलग-अलग कार्यालयों और इकाइयों में आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर के रखरखाव, डिजिटलीकरण और सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने का कार्य करेगी। यह काम तीन वर्षों की अवधि में चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
कंपनी के अनुसार, इस प्रोजेक्ट के माध्यम से ओएनजीसी के आईटी सिस्टम को आधुनिक तकनीकों से लैस किया जाएगा, जिससे बड़े स्तर के आईटी इकोसिस्टम के संचालन में नई दक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
सीआईपीएल के प्रबंध निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि यह साझेदारी केवल आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रबंधन तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य एआई आधारित डिजिटलीकरण के माध्यम से आईटी संचालन को और अधिक मजबूत बनाना है।
उन्होंने बताया कि परियोजना में ए आई ड्राइवन मॉनिटरिंग, प्रिडिक्टिव मेंटेनेंस और इंटेलीजेंट ऑटोमेशन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे मिशन-क्रिटिकल सिस्टम की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इस परियोजना को लागू करने के लिए सीआईपीएल की ओर से चार सौ पचास से अधिक आईटी और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम देशभर में तैनात की जाएगी। टीम ओएनजीसी के विभिन्न कार्यालयों में चौबीस घंटे तकनीकी सहायता, निगरानी और सिस्टम सपोर्ट प्रदान करेगी।
कंपनी का कहना है कि इस प्रोजेक्ट के माध्यम से ओएनजीसी के लिए भविष्य उन्मुख, सुरक्षित और मजबूत आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा।
सीआईपीएल इससे पहले भी कई केंद्रीय और राज्य सरकारी संस्थानों तथा सार्वजनिक उपक्रमों के लिए महत्वपूर्ण आईटी परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित