नोएडा , जनवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 49 थाना क्षेत्र के अंतर्गत नोएडा एलिवेटेड रोड पर बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार और ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान हुआ।
सड़क दुर्घटना के दौरान घटनास्थल से गुजर रहे यात्री द्वारा पुलिस को सूचना दी गई जिसके पश्चात घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार नोएडा एलिवेटेड रोड पर तेज गति से जा रही एक कार ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी, तभी वह आगे चल रहे एक अज्ञात कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया।
सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 19 वर्षीय नोएडा सेक्टर 47 निवासी फलक अहमद को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फलक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में तीन अन्य घायल हो गए जिसमें 18 वर्षीय आयुष भाटी,18 वर्षीय नील पवार और 18 वर्षीय अंश तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना पर पहुंची सेक्टर-49 पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है और एलिवेटेड रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार कैंटर चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित