नोएडा , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 21ए स्थित नोएडा इंडोर स्टेडियम में 19 अप्रैल से चार दिवसीय बास्केटबॉल अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया है।

शनिवार को नोएडा सेक्टर 21ए स्थित इंडोर स्टेडियम में जानकारी देते हुए अकादमी के सह-संस्थापक उल्हास के.एस. ने बताया कि स्पोर्ट्स सोल के सहयोग से यह प्रो-लेवल प्रशिक्षण शिविर 19 से 22 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य भारतीय खिलाड़ियों को यूरोप की आधुनिक और पेशेवर बास्केटबॉल तकनीकों से सीधे जोड़ना है, ताकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी के लिए विदेश जाने की आवश्यकता न पड़े।

भारतीय बास्केटबॉल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उल्हास युवीपेप बास्केटबॉल अकादमी (यूवाईबीए) ने शहर में चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया है। इस खास शिविर के लिए इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम और लंदन लायंस (यूरोलीग/यूरोकप) के हेड कोच क्लाइव कास्टिलो भारत पहुंच चुके हैं, जो युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय एलीट ट्रेनिंग देंगे।

यह कैंप दो सत्रों में आयोजित होगा। पहला सत्र दोपहर 1:30 बजे से शाम पांच बजे तक और दूसरा सत्र शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक चलेगा। इसमें 10 से 20 वर्ष आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां भाग ले सकते हैं।

स्पोर्ट्स सोल के डायरेक्टर तुषार अरोड़ा ने बताया कि कैंप में प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय कोच द्वारा एलीट ट्रेनिंग, प्रतिस्पर्धात्मक मैच प्ले और गेम सिचुएशन अभ्यास कराया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को फिजियोथेरेपी, पोषण संबंधी मार्गदर्शन और प्रदर्शन विश्लेषण जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सभी प्रतिभागियों को आधिकारिक यूवाईबीए जर्सी और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यह कैंप उन खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन अवसर है, जो यूरोपीय स्तर की ट्रेनिंग, निष्पक्ष मार्गदर्शन और अंतरराष्ट्रीय करियर के अवसर तलाश रहे हैं।

यूवाईबीए की यह पहल भारतीय बास्केटबॉल को वैश्विक मंच से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक कदम मानी जा रही है। इस तरह के अंतरराष्ट्रीय कैंप न केवल खिलाड़ियों के कौशल को निखारेंगे, बल्कि उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए भी तैयार करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित