ग्रेटर नोएडा , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा जेवर स्थित महत्वाकांक्षी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब लखनऊ के लिए पहली उड़ान का संचालन किया गया। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल स्वयं पहली फ्लाइट में सवार होकर लखनऊ के लिए रवाना हुए।
यह उड़ान न केवल एयरपोर्ट के संचालन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि प्रदेश के हवाई कनेक्टिविटी नेटवर्क को भी मजबूत करने वाला अहम कदम माना जा रहा है।
जेवर स्थित यह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े एविएशन प्रोजेक्ट्स में से एक है। पहली उड़ान के साथ ही यह एयरपोर्ट अब धीरे-धीरे नियमित सेवाओं की ओर बढ़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में यहां से देश-विदेश के कई प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें शुरू की जाएंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर कहा कि यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास का नया इंजन साबित होगा। इससे न केवल निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि पर्यटन और उद्योग को भी नई गति मिलेगी।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी इसे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी।
लखनऊ के लिए पहली उड़ान शुरू होने से राजधानी और पश्चिमी यूपी के बीच यात्रा अब और आसान हो जाएगी। इससे व्यापार, प्रशासनिक गतिविधियों और आम यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित