ग्रेटर नोएडा , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित जेवर के नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों ने कल देर रात कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग, बैरिकेडिंग, मंच व्यवस्था, लाइटिंग और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं।

इसके बाद हवाईअड्डा सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कार्यक्रम से जुड़ी हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि यह लोकार्पण कार्यक्रम क्षेत्र और प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि आगंतुकों की सुविधा, ट्रैफिक डायवर्जन प्लान और इमरजेंसी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

प्रशासन ने साफ किया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और तैयारियों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। आने वाले दिनों में भी नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि लोकार्पण कार्यक्रम भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित