ओस्लो , मार्च 08 -- नॉर्वे की राजधानी ओस्लो स्थित अमेरिकी दूतावास के बाहर रविवार तड़के एक विस्फोट हुआ, जिससे इमारत को मामूली नुकसान पहुंचा। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
नॉर्वे पुलिस के अनुसार स्थानीय समयानुसार आधी रात के बाद करीब एक बजे घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल और आपात सेवाओं को मौके पर भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि वह अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों के संपर्क में है और अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं मिली है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट किस कारण हुआ या इसमें कौन शामिल हो सकता है।
मामले की जांच का नेतृत्व कर रहे पुलिस अधिकारी माइकल डेल्लेमीर ने नॉर्वे के सार्वजनिक प्रसारक एनआरके को बताया कि विस्फोट दूतावास की सार्वजनिक प्रवेश द्वार के पास हुआ।
घटना के बाद पुलिस ने ओस्लो के मोर्गेडाल्सवेगन क्षेत्र में दूतावास के आसपास तलाशी अभियान चलाया और लोगों से इस घटना से संबंधित किसी भी जानकारी को साझा करने की अपील की। यह इलाका शहर के केंद्र से लगभग सात किलोमीटर दूर है।
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में दूतावास के प्रवेश द्वार के पास बर्फ पर टूटे कांच, कांच के दरवाजे में दरारें और फर्श पर जलने जैसे निशान दिखाई दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित