प्रयागराज , फरवरी 02 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित नैनी सेंट्रल जेल में तैनात एक बंदी रक्षक ने कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से मऊ जिले के उम्मनपुर निवासी पृथ्वीराज चौहान (26) सितंबर 2021 में पहली नियुक्ति पर नैनी सेंट्रल जेल में तैनात हुए थे। वह जेल परिसर के पीछे प्रयागपुरम मोहल्ले में किराये के कमरे में अपने पिता और छोटे भाई के साथ रहते थे। दस दिन पूर्व पिता और भाई गांव चले गए थे, जिससे वह कमरे में अकेले थे। रविवार देर रात करीब 12 बजे उन्होंने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के मुताबिक उनकी सगाई हो चुकी थी और जल्द ही शादी होने वाली थी। पिता ने बताया कि वह किसी बात को लेकर परेशान थे, हालांकि उन्होंने परिवार को विस्तार से कुछ नहीं बताया था। वरिष्ठ जेल अधीक्षक विजय विक्रम सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को बुलाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित