नैनीताल , फरवरी 13 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में मकान बनाने का सपना देखने वालों के लिए सुखद खबर है। नैनीताल जिला प्रशासन ने जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) को 15 दिन में आवासीय मानचित्र स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने शुक्रवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में नैनीताल डीडीए की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में जिलेभर के आवासीय एवं गैर आवासीय लंबित मानचित्रों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी अभियंता को निर्देश दिए की आवासीय मानचित्र 15 दिन में और अनावासीय मानचित्र 30 दिन में स्वीकृति किए जाए।
जिन मानचित्रों में आपत्ति हो उस संबंध में एक ही बार में आपत्ति दर्शाते हुए संपूर्ण विवरण के साथ आवेदक को उपलब्ध कराते हुए उनका निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि जिन मानचित्रों में विभिन्न विभागों से अनापत्ति लेनी है उस संबंध में प्रत्येक सप्ताह संबंधित विभाग को अनुस्मारक पत्र प्रेषित किया जाएं।
उन्होंने सभी सहायक अभियंताओं एवं अवर अभियंताओं को निर्देश दिए कि वह समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण अवश्य करें। उन्होंने सभी सहायक अभियंता को सप्ताह में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पारदर्शिता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सचिव एवं संयुक्त सचिव को भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता को बार-बार कार्यालय के चक्कर न काटने पड़े यह अवश्य सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, संयुक्त सचिव गोपाल सिंह चौहान सहित सभी सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित