नैनीताल , जनवरी 27 -- उत्तराखंड सरकार और नैनीताल नगर पालिका के मध्य सरोवर नगरी स्थित ऐतिहासिक खेल मैदान को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इसी विवाद के चलते मंगलवार से शुरू होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू नहीं हो पायी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत की ओर जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि आज से नैनीताल के मल्लीताल स्थित ऐतिहासिक खेल मैदान में खेल विभाग की अगुवाई में एक क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ होना था लेकिन जब प्रतियोगिता के लिये खेल विभाग के अधिकारी और खिलाड़ी मैदान में उतरे तो 50 से अधिक लोग मैदान में आ धमके और विरोध शुरू कर दिया।

विज्ञप्ति के अनुसार खेल विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की गयी और जिला क्रीडा अधिकारी के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया गया जिससे प्रतियोगिता शुरू नहीं हो पायी। फिलहाल प्रतियोगिता स्थगित कर दी गयी है। इस मामले में खेल विभाग की ओर से मल्लीताल कोतवाली में तहरीर सौंपी गयी है। साथ ही उच्चाधिकारियों को भी इस मामले की जानकारी दे दी गयी है।

उल्लेखनीय है कि फ्लैट्स मैदान में खेल विभाग अपनी प्रतियोगितायें शुरू करना चाहती है। इससे नगर पालिका नाराज है। नगर पालिका का मानना है कि सरकार खेल मैदान को अधिग्रहीत कर रही है। खेल मैदान पर नगर पालिका की संपत्ति है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित