देहरादून/नैनीताल , फरवरी 17 -- उत्तराखंड में मंगलवार को एक बार फिर दूसरे दिन नैनीताल के अलावा, टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जनपद न्यायालयों (कोर्ट)की आधिकारिक मेल पर अलग, अलग तीनों के परिसरों में आरडीएक्स रखे होने की सूचना दी गई। कोर्ट खुलने पर जब इस मेल का पता चला तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। इसके तत्काल बाद परिसरों को खाली कराया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीनों जनपद न्यायालयों की आधिकारिक मेल पर सुबह 7:11:09 बजे ये ईमेल भेजे गए। कोर्ट खुलने पर जब मेल चेक किए गए तो इसका पता चला। इसके बाद नैनीताल, टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जनपद न्यायालयों के परिसरों को खाली कराने के पश्चात बारीकी से बम निरोधक, श्वान दस्तों के साथ ही, अग्निशमन, विशेष कार्य बल और स्थानीय गुप्तचर इकाई (एलआईयू) सहित केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के कर्मचारियों ने जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान किसी भी परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले सोमवार को भी नैनीताल और उत्तरकाशी जनपद न्यायालयों को इसी तरह के मेल भेजे गए थे। जिन्हें भेजने वाले आईपी एड्रेस की तलाश में राज्य की साइबर पुलिस की टीम लगातार लगी हुई हैं। प्रथमदृष्टया ईमेल भेजने वाले आईपी एड्रेस की लोकेशन तेलंगाना होने की संभावना व्यक्त की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित