नैनीताल , फरवरी 14 -- उत्तराखंड में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था के मद्देनजर नैनीताल जिला प्रशासन ने आपराधिक मामलों में संलिप्त पांच कथित अपराधियों को गुंडा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत जिला बदर किया गया है। इन सभी पर छह महीने तक जनपद में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन लोगों को जिला बदर किया गया है उनमें तपन दास, हल्द्वानी, राकेश कुमार निवासी गुलजार पुल, चकलुवा, रामनगर निवासी योगेश सागर, लालकुआं जयपुर बीसा निवासी कृपाल सिंह उर्फ सोनू और धौला बाजपुर निवासी विजय कुमार आर्य शामिल हैं।
तपन दास के विरुद्ध चार, राकेश कुमार के खिलाफ चार4 जबकि योगेश सागर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम, आईपीसी, गैंगस्टर एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत विभिन्न अभियोग पंजीकृत हैं।
इसी क्रम कृपाल सिंह उर्फ सोनू तथा धौला बाजपुर क्षेत्र के विजय कुमार आर्य पुत्र मदनलाल के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के पांच-पांच मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस रिपोर्ट एवं अभिलेखों के आधार पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने इन सभी को गुंडा एक्ट के तहत दोषी घोषित करते हुए छह माह के लिए जिले से निष्कासित करने के आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी के अनुसार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित