नैनीताल , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड की पर्यटक नगरी नैनीताल में पर्यटन मौसम के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए अहम कदम उठाया है।

शहर में होटल, रिसोर्ट और गेस्ट हाउस में ओवर रेटिंग, अभद्रता एवं अनियमितताओं की शिकायतों के समाधान के लिए तहसील कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

तहसीलदार अक्षय कुमार भट्ट ने बुधवार को बताया कि पर्यटन मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटकों से अधिक किराया वसूले जाने और खराब व्यवहार की शिकायतें सामने आती हैं। इन समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम स्थापित की गई है।

उन्होंने बताया कि पर्यटक अपनी शिकायतें प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे के बीच दूरभाष नंबर 9458931332 पर दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित विभागों के माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिले और नैनीताल की छवि एक सुरक्षित पर्यटक नगरी के रूप में बनी रहे।

उन्होंने कहा कि होटल संचालकों और अन्य सभी कारोबारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित दरों का पालन करें और शालीनता से पेश करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित