नैनीताल , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड के नैनीताल की खूबसूरत वादियों में जहां आमतौर पर पर्यटक सुकून और सैर-सपाटे की तलाश में आते हैं हैं, वहीं गुरुवार को मॉल रोड पर एक दिलचस्प घटना देखने को मिली।
यहां उत्तर प्रदेश का एक विधायक पुत्र ने उपजिलाधिकारी को रौब दिखाया और पुलिस ने उसे कानून का पाठ पढ़ाते हुए उसका फार्च्यूनर कार जब्त कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नैनीताल के मशहूर मॉल रोड पर एक फार्च्यूनर कार अकारण लगातार हूटर बजाते हुए गुजर रही थी।
कार पर उत्तर प्रदेश विधानसभा का स्टिकर लगा हुआ था। उसी दौरान वहां से गुजर रहे उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक की नजर इस कार पर पड़ी। उन्होंने तुरंत गाड़ी रुकवाकर पूछताछ की।
बातचीत में पता चला कि कार उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के जहानाबाद के भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल के बेटे की है जो परिजनों के साथ नैनीताल घूमने आया था। अकारण हूटर बजाने पर जब एसडीएम ने विधायक पुत्र से सवाल किया तो वह अपनी गलती मानने के बजाय बहस पर उतारू हो गया। सत्ता की हनक दिखाने लगा।
मौके पर भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बीच सड़क पर ही काफी देर तक बहसबाजी हुई। हालात को देखते हुए एसडीएम ने पुलिस को मौके पर बुला ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि वाहन में जरूरी दस्तावेज भी मौजूद नहीं थे। साथ ही गाड़ी में हूटर का उपयोग भी नियमों के विरुद्ध किया जा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालान काटा और फॉर्च्यूनर कार को सीज कर दिया। सीओ सिटी रविकांत सेमवाल ने बताया कि गाड़ी में अधिकृत व्यक्ति मौजूद नहीं था और चालक द्वारा अनुचित तरीके से हूटर बजाया जा रहा था। पूछताछ के दौरान चालक द्वारा अभद्र व्यवहार भी की गई जिसके चलते सख्त कार्रवाई की गई। इसके बाद यह घटना चर्चा का विषय बनी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित