रामनगर नैनीताल , दिसंबर 25 -- उत्तराखंड के नैनीताल में गुरुवार को क्रिसमस का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। चर्चों में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर विशेष प्रार्थनाएं, जागरण और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चर्च के फादर जॉन मिननॉन शाह ने क्रिसमस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

गुरुवार सुबह भी विशेष प्रार्थना सभा और पूजा संपन्न हुई, जिसमें सभी ने ईश्वर का धन्यवाद अदा किया।

फादर जॉन मिननॉन शाह ने कहा कि क्रिसमस केवल एक धार्मिक पर्व नहीं बल्कि यह आपसी प्रेम, सद्भाव और खुशियां बांटने का दिन है। आज का दिन खास तौर पर अपने रिश्तेदारों, मित्रों, सगे-संबंधियों और पड़ोसियों से मिलने का दिन होता है। इस अवसर पर चर्च की ओर से केक काटकर खुशियां मनाई गईं और केक अपने पड़ोसियों, मित्रों, सगे-संबंधियों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को भी भेंट किया गया। केक पाकर सभी ने खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित