नैनीताल , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड के नैनीताल में जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को हल्द्वानी, लालकुआं और कालाढूंगी क्षेत्रों में मदिरा दुकानों पर राजस्व विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान कई दुकानों में ओवररेटिंग और अन्य गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार हल्द्वानी में सिटी मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी और तहसीलदार की संयुक्त टीम ने चार विदेशी मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया, जिनमें से तीन दुकानों में ओवररेटिंग पाई गई। पाया गया कि निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जा रही थी। साथ ही कई बोतलों पर अंकित क्यूआर कोड भी कार्यरत नहीं पाए गए। कालाढूंगी क्षेत्र में उपजिलाधिकारी विपिन पंत के नेतृत्व में मुख्य बाजार स्थित विदेशी मदिरा की दुकान पर छापेमारी की गई। टीम ने गोपनीय तरीके से ग्राहक बनकर शराब खरीदकर जांच की, जिसमें एमआरपी से अधिक कीमत वसूले जाने की पुष्टि हुई। जांच में स्टॉक और बिक्री रजिस्टर में अंतर, बिलिंग मशीन बंद होना, ग्राहकों को बिल न देना तथा दुकान के बाहर रेट लिस्ट का अभाव जैसी गंभीर खामियां भी सामने आईं।
इसी तरह लालकुआं में उपजिलाधिकारी रेखा कोहली के नेतृत्व में चार मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया गया, जहां सभी दुकानों में ओवररेटिंग पाई गई। इसके अलावा बिलिंग मशीन खराब, स्टॉक रजिस्टर अधूरा, बिक्री पंजिका का अभाव और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन न होना जैसी अनियमितताएं भी उजागर हुईं।
प्रशासन ने सभी मामलों में रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को कार्रवाई के लिए भेज दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित