नैनीताल , मार्च 16 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में रविवार देर रात भीषण आंधी-तूफान के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रामनगर में पेड़ गिरने से एक बच्चे की मौत हो गयी है। सरोवर नगरी में पेयजल और विद्युत आपूर्ति पर असर पड़ा है।

नैनीताल जिला आपदा प्रबंधन केन्द्र के अनुसार कल देर रात नैनीताल जिले में भीषण आंधी तूफान आने के कारण जगह -जगह पेड़ टूट कर विद्युत लाइन पर गिर गये जिससे जिले में विद्युत आपूर्ति पर असर पड़ा है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिले के रामनगर के रिंगोड़ा गांव में घर पर पेड़ गिरने से एक बच्चे की मौत हो गयी है। इसी के साथ ही नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते मार्ग को कुछ घंटों में ही सुचारू कर लिया गया।

नैनीताल शहर में भी आंधी-तूफान का जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है। आंधी-तूफान के चलते जगह-जगह बिजली के तार टूट गये। जिससे शहर में पेयजल और विद्युत आपूर्ति ठप हो गयी। इससे आम जन जीवन पर असर पड़ा। लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।

खबर लिखे जाने तक शहर में विद्युत और पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं हो पायी है। विद्युत विभाग के कर्मचारी विद्युत आपूर्ति सुचारू करने में जुटे हैं। अन्य क्षेत्रों से जान माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

ऊर्जा निगम के एसडीओ प्रयंक पांडे ने सोमवार को बताया कि तेज आंधी के कारण क्षेत्र में कई जगह बिजली की लाइनें टूटने की सूचना मिली है। विभाग की टीमों को मौके पर भेजकर क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। लाइनें ठीक होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित