नैनीताल , दिसंबर 25 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के धारी में शुक्रवार सुबह एक महिला को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया है। महिला की मौत हो गई है। गुस्साये ग्रामीणों ने वन रेंजर को बंदी बना लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धारी ब्लाक के ग्राम पंचायत दीनी तल्ली, तोक धुरा निवासी गुड्डू की पत्नी हेमा देवी (35) सुबह मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल की ओर जा रही थी।
बताया जा रहा है कि घर से कुछ दूरी पर ही घात लगाए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।
ग्रामीणों ने शोर-शराबा किया तब जाकर तेंदुआ फरार हुआ। महिला की मौत हो गई और ग्रामीणों ने शव बरामद कर लिया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश फैल गया।
विधायक राम सिंह कैड़ा और अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन रेंजर विजय भट्ट को घेर लिया और तेंदुए को मारने और परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग करने लगे। ग्रामीणों ने प्रशासन को शव को भी नहीं उठाने दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित