नैनीताल , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भीमताल, भवाली, मुक्तेश्वर, रामगढ़ रामनगर, कालाढुंगी आदि क्षेत्रों में बुधवार सुबह से लगातार बरसात होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

लगातार बरसात ने जहां एक तरफ लोगों की परेशानी बढ़ा दी है तो वहीँ काश्तकारी पर भी बरसात का असर देखने को मिल रहा है। बता दें कि लगातार बारिश से कोटा बाग क्षेत्र में किसानों को भारी नुकसान हुआ है, गेहूं चना जो आदि की फसल को भारी नुकसान हुआ है किसानों ने मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई है।

कालाढूंगी क्षेत्र में मंगलवार देर रात से हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिन फसलों की कटाई का समय चल रहा है वे अब भारी नुकसान की चपेट में आ गए हैं।

अचानक हुई इस बारिश ने कटी हुई फसलों को पूरी तरह भिगो दिया जिससे उनके खराब होने का खतरा बढ़ गया है। खेतों में पानी भरने और लगातार हो रही रिमझिम बारिश के कारण फसल की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित