चंडीगढ़ , फरवरी 12 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर तीखा पलटवार किया।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनाव हारने के बाद संतुलन खो चुके हैं। श्री विज ने दावा किया कि देश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहले से अधिक सुरक्षित है।

श्री विज ने कांग्रेस के ऐतिहासिक निर्णयों पर सवाल उठाते हुए कहा कि नेहरू के समय 38 हजार वर्ग किलोमीटर जमीन चीन के पास चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि 1971 युद्ध के बाद इंदिरा गांधी ने 90 हजार पाकिस्तानी युद्ध बंदियों को बिना किसी रणनीतिक लाभ के छोड़ दिया, जबकि उस समय पीओके या अन्य मुद्दों पर दबाव बनाया जा सकता था।

उन्होंने चिकन नेक क्षेत्र के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अवसर गंवाए और अब जिम्मेदारी से बच रही है।

उन्होंने केंद्र द्वारा सरकारी कार्यक्रमों और स्कूलों में वंदे मातरम के सभी छह छंद अनिवार्य करने के फैसले का स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि यह शहीदों के बलिदान का सम्मान है। एआईएमआईएम के विरोध पर उन्होंने कहा कि देशहित के मुद्दों पर अनावश्यक राजनीति नहीं होनी चाहिए।

ट्रेड यूनियनों के भारत बंद पर श्री विज ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध सबका अधिकार है और प्रदेश में स्थिति सामान्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित