रामनगर,08फरवरी(वार्ता)उत्तराखंड में रामनगर नेशनल हाईवे 309 पर उस वक्त रोमांच और कौतूहल का माहौल बन गया, जब रामनगर से करीब चार किलोमीटर आगे रिंगोड़ा कॉर्बेट से लगे वन क्षेत्र से हाथियों का एक झुंड जंगल से बाहर निकल आया। इस झुंड में वयस्क हाथियों के साथ-साथ नन्हे शावक भी शामिल थे।

अचानक सड़क पर हाथियों को देखकर हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह ठप हो गया।

हालांकि राहत की बात यह रही कि मौके पर मौजूद वाहन चालकों और पर्यटकों ने संयम और समझदारी का परिचय दिया। किसी भी व्यक्ति ने हाथियों को परेशान करने की कोशिश नहीं की और सभी ने अपने वाहन रोककर शांतिपूर्वक इंतजार किया। हाथियों का झुंड पूरी सतर्कता के साथ सड़क पार करता रहा, जबकि मादा हाथी बच्चों की सुरक्षा में आगे-पीछे चलती नजर आईं। यह दृश्य देखने वालों के लिए किसी जंगल सफारी से कम नहीं था।

करीब कुछ मिनटों बाद जब हाथियों का पूरा झुंड सुरक्षित रूप से सड़क पार कर जंगल की दूसरी ओर चला गया, तब जाकर यातायात को फिर से सुचारु किया गया। इसके बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। दिन के उजाले में इस तरह हाथियों का सड़क पर आना लोगों के लिए अनोखा अनुभव रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित