भिण्ड , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में भिण्ड-ग्वालियर-इटावा नेशनल हाईवे-719 को सिक्सलेन बनाने की मांग को लेकर संत समाज ने 16 मार्च से टोल फ्री आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है।
संत समाज के अनुसार यह आंदोलन "नो रोड-नो टोल" की थीम पर चलाया जाएगा। आंदोलन की शुरुआत से पहले 13 मार्च को टोल प्लाजा पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और इसके बाद 16 मार्च से टोल प्लाजा को अनिश्चितकालीन बंद कराने के लिए संत समाज का खालसा लगाया जाएगा। संत समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि आंदोलन में कई राज्यों के संत, महात्मा, मठाधीश्वर और महामंडलेश्वर के शामिल होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि पिछले तीन वर्षों से संत समाज, समाजसेवी, पूर्व सैनिक संगठन और अन्य सामाजिक संगठन नेशनल हाईवे-719 को सिक्सलेन बनाने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में कई बार आंदोलन भी हुए, लेकिन प्रशासनिक आश्वासन और नेताओं के वादों के बाद उन्हें स्थगित कर दिया गया था।
संत समाज के अध्यक्ष कालीदास महाराज ने बताया कि आंदोलन की सूचना भिण्ड और ग्वालियर जिला प्रशासन को दे दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई बैठक में संतों ने कहा कि हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और मौतों की समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी इस संबंध में कई बार मुलाकात की जा चुकी है, लेकिन अभी तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। संत समाज का कहना है कि जब तक हाईवे को सिक्सलेन नहीं बनाया जाता या टोल वसूली बंद नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित