सिरसा , अप्रैल 11 -- संयुक्त किसान मोर्चा, हरियाणा के आह्वान पर गेहूं खरीद में बायोमेट्रिक और ट्रैक्टरके कागजात अनिवार्य करने के विरोध में किसानों ने शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किया। सिरसा के भावदीन टोल प्लाजा पर सैकड़ों किसान एकत्र होकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे रहे।

किसान नेता डॉ. सुखदेव सिंह जम्मू ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान किसान गुरुद्वारा चिल्ला साहिब से आए लंगर का प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। इसी बीच पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत जाम खुलवाने के निर्देश दिये। किसानों ने प्रशासन से कुछ समय देने की मांग की, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाई, जिससे दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गयी।

किसान हालांकि अपने रुख पर अड़े रहे और अंततः प्रशासन को पीछे हटना पड़ा। इसके बाद धरना निर्धारित समय तक शांतिपूर्वक जारी रहा। प्रदर्शन में अखिल भारतीय किसान सभा, बीकेयू एकता उगराहा, बीकेयू टिकैत समेत कई किसान संगठनों के नेता मौजूद रहे और सरकार के फैसले का विरोध किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित