देहरादून , मार्च 25 -- उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ0 हरक सिंह रावत ने बुधवार को आरोप लगाया कि राज्य सरकार ऋषिकेश के रानी पोखरी में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के लिए आवंटित भूमि को खुर्द-बुर्द करने का काम कर रही है।
डॉ रावत ने प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ही सरकार में त्रिवेन्द्र सिंह रावत के मुख्यमंत्रित्व काल में ऋषिकेश के रानी पोखरी में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के नाम पर भूमि आवंटित की गई थी। उसका शिलान्यास भी तत्कालीन मुख्यमंत्री ने तत्कालीन सांसद डॉ0 रमेश पोखरियाल निशंक व शिक्षा मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत की उपस्थिति में किया।
उन्होंने कहा कि सात वर्ष बीत जाने के बाद यूनिवर्सिटी के नाम पर एक ईंट तक नहीं रखी गई। बल्कि आवंटित भूमि को टिहरी बांध विस्थापितों के नाम पर खुर्द-बुर्द करने का काम किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद की संवैधानिक गरिमा को ही गिरा दिया है, क्योंकि त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री के रूप में लॉ यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया था। यही नहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने अपनी ही सरकार के शासन के आदेशों का खुला उल्लंघन करते हुए दर्शा दिया है कि भाजपा में गुटबाजी चरम पर है तथा वे किसी भी काम का श्रेय दूसरे नेता को नहीं देना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार रानीपोखरी में कार्रवाई की जा रही है उससे आने वाले समय में मुख्यमंत्री की घोषणा और शिलान्यास से भी जनता का भरोसा पूरी तरह से उठ जायेगा।
डॉ रावत ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा के राष्ट्रीय नेता चुनावों के समय जुमले बाजी करते हैं उसी प्रकार लोकसभा चुनाव के समय जनता की आंख में धूल झोंकने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भी लॉ यूनिवर्सिटी बनाने का नाटक मात्र किया था और आज स्थानीय जनता को इसके लिए आन्दोलन करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता की जायज मांग को लेकर चलाये जा रहे शांतिपूर्ण आंदोलन पर जिस प्रकार उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया गया तथा आंदोलन में शामिल महिलाओं के साथ अभद्रता की गई वह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस आम जनता के साथ खडी है तथा कांग्रेस की सरकार बनने पर उसी स्थान पर लॉ यूनिवर्सिटी का निर्माण सुनिश्चित किया जायेगा तथा जनता की यह लडाई कांग्रेस पार्टी लड़ेगी क्योंकि कांग्रेस को पता है कि शिक्षा का क्या महत्व है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित