महराजगंज , फरवरी 20 -- नेपाल सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के परसा मलिक क्षेत्र में पुलिस ने चरस की एक बड़ी खेप को बरामद कर लिया। इस सिलसिले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर देर रात चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में चरस बरामद कर तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। परसा मालिक क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 48 किलो 686 ग्राम चरस बरामद की। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुट गई है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित