काठमांडू , मार्च 05 -- नेपाल के चुनाव आयोग ने गुरुवार को बताया कि आम चुनावों में लगभग 60 प्रतिशत मतदान हुआ है।
कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त रामप्रसाद भंडारी ने चुनाव समाप्ति के बाद मीडिया से कहा कि विशिष्ट परिस्थितियों में घोषित इस चुनाव को निर्धारित तिथि पर उत्साहजनक रूप से संपन्न कराना अपने आप में चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने कहा कि देशभर से प्राप्त प्रारंभिक विवरणों के अनुसार, करीब 60 प्रतिशत मतदान हुआ है।
श्री भंडारी ने अंतिम आंकड़ो के संबंध में कहा, "इसका विस्तृत विवरण संकलन करने का कार्य जारी है।" आयोग ने बताया कि गुरुवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि नेपाल में प्रत्यक्ष और समानुपातिक दोनों विधियों से सांसदों का चुनाव हुआ। 165 सीटों के लिए प्रत्यक्ष मतदान प्रक्रिया का पालन हुआ, जबकि 110 सीटों के लिए समानुपातिक विधि का पालन।
प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली में 65 राजनीतिक दल 61 चुनाव चिह्नों पर चुनाव लड़ रहे हैं तथा इसके तहत 3,406 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 3,017 पुरुष और 388 महिलाएं हैं, जबकि एक अन्य श्रेणी का उम्मीदवार शामिल हैं। आनुपातिक चुनाव प्रणाली में 3,135 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,363 पुरुष और 1,772 महिलाएं शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित