भोपाल , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में असमय वर्षा, आंधी और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के हित में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि भिण्ड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, बड़वानी, बैतूल, रायसेन सहित कई जिलों में गेहूं, सरसों और चना की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है। खड़ी फसल के साथ ही कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में रखी उपज भी वर्षा और ओलावृष्टि से प्रभावित हुई है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी समय पर शुरू नहीं होने के कारण किसानों की उपज लंबे समय तक खुले में पड़ी रही, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
उन्होंने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व और कृषि विभाग के माध्यम से शीघ्र एवं पारदर्शी सर्वे कर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाए तथा उसके अनुरूप किसानों को जल्द आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
साथ ही वर्षा से प्रभावित उपज के लिए गुणवत्ता मानकों में व्यवहारिक शिथिलता देने की मांग की गई है, ताकि किसान उपार्जन से वंचित न रहें। उन्होंने शासन से आग्रह किया है कि आवश्यक निर्देश जारी कर जल्द से जल्द राहत सुनिश्चित की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित