धार , फरवरी 05 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की कुक्षी तहसील के ग्राम कुडदीगपुरा में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बच्चों ने नीम के पेड़ पर दो तेंदुओं को देखा। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जिसमें से एक तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि दूसरा तेंदुआ वन कर्मियों को देखकर कूदकर जंगल की ओर भाग गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी बच्चों को तेंदुओं की गुर्राहट की आवाज सुनाई दी। ग्रामीण नीम के पेड़ के पास एकत्र हुए तो देखा कि एक तेंदुआ घने नीम के पेड़ पर बैठा था, जबकि दूसरा पेड़ के नीचे बनी एक खोह में घुसा हुआ था। तेंदुओं को देखने के लिए गांव के युवक और बच्चे मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल गांव पहुंची। टीम पेड़ पर चढ़े तेंदुए को रेस्क्यू करने की तैयारी कर ही रही थी कि वह अचानक नीम के पेड़ से कूदकर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद टीम ने पेड़ के नीचे खोह में छिपे दूसरे तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया।

बताया जा रहा है कि रात में कुत्तों के झुंड के भौंकने से दोनों तेंदुए के शावक गांव की ओर आ गए थे। डर के कारण एक शावक नीम के पेड़ पर चढ़ गया, जबकि दूसरा नीचे खोह में छिप गया। खोह में घुसे तेंदुए के बच्चे को कुत्तों ने थोड़ा घायल कर दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित