एम्स्टर्डम , नवंबर 21 -- नीदरलैंड ने रूस के 'छद्म बेड़े' और तेल कंपनियों पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया है।
नीदरलैंड के विदेश मंत्री डेविड वैन वील ने ब्रुसेल्स में यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों के साथ बैठक के दौरान यह जानकारी दी।
श्री वील ने शुक्रवार को एक्स पर लिखा, "हमने यूक्रेन के लिए यूरोपीय संघ का समर्थन बढ़ाने और रूस पर उसके आक्रामक युद्ध को रोकने के लिए दबाव बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया है। मैंने तत्काल वित्तीय, सैन्य एवं ऊर्जा सहायता के साथ-साथ रूसी छद्म बेड़े के जहाजों और तेल कंपनियों पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया है।"नीदरलैंड का यह आह्वान गत अक्टूबर के अंत में यूरोपीय संघ द्वारा रूस के विरुद्ध अपना 19वां प्रतिबंध पारित करने के बाद आया है। श्री वील ने कहा कि इस प्रतिबंध में रूसी छद्म बेड़े से जुड़े 117 जहाजों को लक्षित किया गया जिससे यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों के अंतर्गत आने वाले जहाजों की कुल संख्या 564 हो गयी।
इससे एक दिन पहले गुरुवार को अमेरिका ने रूस की दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों पर नए प्रतिबंधों की घोषणा की जिससे यूक्रेन में शांति समझौते के लिए रूस पर दबाव बनाया जा सके।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि बुडापेस्ट में उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रस्तावित बैठक को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है। श्री ट्रम्प ने कहा, "जब कभी मैं श्री पुतिन से बात करता हूं, तो बातचीत अच्छी होती है लेकिन फिर वह आगे नहीं बढ़ती।"यह घटनाक्रम ब्रिटेन द्वारा कुछ दिन पहले उन्हीं दो रूसी तेल कंपनियों, रोसनेफ्ट और लुकोइल पर प्रतिबंध लगाने के निर्णय के बाद हुआ है। यूरोपीय संघ के सदस्य देशों ने भी नए प्रतिबंध लागू किए हैं जो जनवरी 2027 से रूसी तरलीकृत प्राकृतिक गैस के आयात पर प्रतिबंध लगाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित