नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- बास डलीडे ( दो विकेट और नाबाद 72 ) के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत नीदरलैंड्स ने मंगलवार को टी-20 विश्वकप के 10वें मुकाबले में नामीबिया पर सात विकेट से जीत दर्ज की।
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसका पहला विकेट तीसरे ओवर में मैक्स ओ'डाउड (सात) के रूप में गिरा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये बास डलीडे ने माइकल लेविट के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े। छठें ओवर में बर्नार्ड शोल्ज ने माइकल लेविट को आउटकर नीदरलैंड्स को दूसरा झटका दिया। लेविट ने 15 गेंदों में तीन छक्के एक चौका लगाते हुए 28 रनों की पारी खेली। कॉलिन ऐकरमैन (32) रन 14वें ओवर में तीसरे विकेट के रूप में आउट हुये। नीदरलैंड्स ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 159 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम किया। बास डलीडे ने 48 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 72 रनों की पारी खेली। वहीं कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने नौ गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 18 रन बनाये।
नामीबिया के लिए बर्नार्ड शोल्ज, रुबेन ट्रंपलमन और निकोल लॉफ्टी-ईटन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां निकोल लॉफ्टी-ईटन (42) और यान फ्रायलिंक (30) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर नामीबिया ने नीदरलैंड्स के खिलाफ आठ विकेट पर 156 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।नीलदरलैंड्स् ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में लॉरेन स्टीनकैंप (छह) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये निकोल लॉफ्टी-ईटन ने यान फ्रायलिंक के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़े। 10वें ओवर में लोगन वैन बीक ने 26 गेंदों में 30 रन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। 13वें ओवर में बास डलीडे ने कप्तान एरार्ड इरास्मस नौ गेंदों में 18 रन को आउटकर पवेलियन भेज दिया। 15वें ओवर में वैन बीक ने निकोल लॉफ्टी-ईटन को आउट कर नामीबिया को चौथा झटका दिया। निकोल लॉफ्ट ईटन ने 38 गेंदों में दो छक्के और एक चौके की मदद से 42 रनों की पारी खेली। जेजे स्मिट (22), जेन ग्रीन (नौ), रुबेन ट्रंपलमन (नौ) रन बनाकर आउट हुये। नामीबिया ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 156 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित