पटना , मार्च 31 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मंगलवार को 2024 बैच के बिहार कैडर के 12 प्रशिक्षु भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों ने मुलाकात की।

बिहार कैडर के 12 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने एक अणे मार्ग स्थित 'संकल्प सभागार' में मुख्यमंत्री श्री कुमार से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री श्री कुमार से मुलाकात के दौरान विरूपाक्ष विक्रम सिंह, सुश्री प्रिया रानी, सुश्री कृष्णा जोशी, प्रेम कुमार, सैयद आदिल मोहसिन, अजय यादव, सूरज कुमार, विग्नेश टी.ए, जतिन कुमार, के. परीक्षित, महेश कुमार एवं श्रीमती कशिश बख्शी ने अपनी ट्रेनिंग के दौरान जिले में किए गए कार्यों के संबंध में अनुभव साझा किए। इन 12 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों में तीन महिलायें और नौ पुरूष हैं। इनमें चार बिहार के, तीन राजस्थान, दो दिल्ली के, एक हरियाणा, एक तमिलनाडु एवं एक झारखंड के रहनेवाले हैं।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने प्रशिक्षु अधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा, "आप लोगों ने अपने अनुभव साझा किए, यह सुनकर अच्छा लगा। आपलोग अभी ट्रेनिंग पीरियड में हैं, उसके बाद आपलोगों की पोस्टिंग होगी। सरकार नीति बनाती है और उसे क्रियान्वित करने में आईएएस अधिकारियों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। आप सभी संवेदनशीलता, ईमानदारी, अनुशासन एवं पूर्ण मनोयोग से कार्य करते हुये राज्य एवं देश की तरक्की में अपना योगदान दें। आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।"मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, डॉ. चन्द्रशेखर सिंह और मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित