पटना , फरवरी 17 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जननायक कर्पूरी ठाकुर की सोच और विचारधारा से प्रेरणा लेकर उनके अधूरे कार्यों को साकार करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
जदयू के प्रदेश कार्यालय में आज 'भारत रत्न' जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि के अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
श्री कुशवाहा ने इस अवसर पर कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के शोषित, वंचित एवं दबे-कुचले वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। सामाजिक न्याय की स्थापना की दिशा में उनका संघर्ष और योगदान आने वाली अनेक पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार, कर्पूरी ठाकुर की सोच और विचारधारा से प्रेरणा लेकर उनके अधूरे कार्यों को साकार करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों में कर्पूरी ठाकुर के सिद्धांतों की झलक दिखाई देती है। पिछले 20 वर्षों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति में खडे़ व्यक्ति तक विकास का प्रत्यक्ष लाभ पहुंचा है, जिससे उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है तथा जीवन अधिक सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बना है।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी, महिला प्रकोष्ठ की संयोजक श्रीमती रंजू गीता, प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा, हिमराज राम, विनोद सिंह, बंटी चंद्रवंशी, प्रतिभा सिंह, कल्याणी सिंह, मुकेश कुमार, रमेश ठाकुर सहित कई नेतागण उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित