पटना , फरवरी 11 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ओडिशा के समाजवादी चिंतक, लेखक एवं प्रसिद्ध राजनेता स्व. किशन पटनायक की धर्मपत्नी वाणी मंजरी दास के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा है कि वाणी मंजरी दास शिक्षिका के तौर पर कार्य करने के साथ-साथ सामाजिक रूप से लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थी। वह महिला सशक्तीकरण एवं सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिये जीवनपर्यंत सक्रिय रहीं। नशामुक्ति और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में भी इनके द्वारा काफी कार्य किया गया। स्व. वाणी दास सामाजिक और धर्मपरायण महिला थीं। वाणी दास के निधन के समाचार से उन्हें काफी दुख पहुंचा है। उनके निधन से सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुयी है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित