लखीसराय, मार्च 19 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को समृद्धि यात्रा के दौरान लखीसराय जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के दौरान लखीसराय जिला के कजरा सोलर पावर प्लांट परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल से लखीसराय जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान लखीसराय जिले के जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्रा ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री कुमार को विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी। श्री कुमार ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं, उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें। अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित कर पूर्ण करें।

श्री कुमार ने कहा कि सरकार लोगों के हित में कार्य कर रही है, उसके लिये कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। सरकार द्वारा जनहित में किये गये कार्यों को जनता तक पहुंचायें। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योग लगाने के लिये उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है इससे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। उद्योग लगाने के लिये सभी जिलों में सुविधायें दी जा रही हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले, बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिल सके एवं उनका भविष्य सुरक्षित हो। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप नीति बनाई गई है, जिससे युवा अपना रोजगार शुरू कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित