पटना , फरवरी 17 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को भारत रत्न जननायक स्व.कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री कुमार ने आज स्व.कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि के अवसर पर देशरत्न मार्ग स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय में आयोजित समारोह में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक श्याम रजक, विधान पार्षद श्रीमती कुमुद वर्मा, पूर्व विधायक अनिल कुमार, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा, बिहार राज्य नागरिक परिषद् के महासिचव अरविंद कुमार, बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य शिवशंकर निषाद,जननायक स्व. कर्पूरी ठाकुर के परिजन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी स्व. कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, डॉ. चन्द्रशेखर सिंह,मुख्यमंत्री के विशेष कार्यपदाधिकरी गोपाल सिंह,कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा सर्वधर्म प्रार्थना आयोजित की गई तथा भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के जीवन एवं कृतित्व पर आधारित गीत, भजन-कीर्तन एवं निर्गुण गीत की प्रस्तुति की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित