पूर्णिया, मार्च 12 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को पूर्णिया जिले में 485 करोड़ रूपये की 92 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में पूर्णिया जिला अंतर्गत 485 करोड़ रुपये की लागत से 92 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 164 करोड़ रुपये की लागत से 84 योजनाओं का उद्घाटन तथा 321 करोड़ रुपये की लागत से 08 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने पूर्णिया स्थित मां पूरण देवी मंदिर परिसर का भ्रमण कर कराए जा रहे सौंदर्गीकरण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणा के तहत स्टेट हाईवे-60 से पूरण देवी मंदिर तक नवनिर्मित 2 लेन पथ तथा लाइन बाजार चौक से पॉलिटेक्निक चौक भाया रजनी चौक पथ के मजबूतीकरण कार्य का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने पूर्णिया जिला अंतर्गत भूतहा मोड़ से मिल्लिया पॉलिटेक्निक कॉलेज माया पूर्णिया श्रीनगर पथ तक आर.ओ.बी सहित बाईपास पथ निर्माण कार्य एवं 2-लेन पेव्ड शोल्डर सहित एस.एच-65 (बनभाग चौक) से बिशनपुर धर्मकांटा तक पथ चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया। उन्होंने जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत मां पूरण देवी मंदिर प्रांगण स्थित पोखर का कराए गए जीर्णोद्धार एवं सौंदर्गीकरण कार्य का निरीक्षण किया। स्थानीय कलाकारों ने झिझिया नृत्य कर मुख्यमंत्री श्री कुमार का स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बिहार बाल भवन किलकारी द्वारा मंदिर परिसर में लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित