बेतिया , जनवरी 16 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पश्चिम चंपारण जिले के लिए 153 करोड़ रुपये की 125 योजनाओं का शिलान्यास एवं 29 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का उद्घाटन किया।

श्री कुमार ने आज बेतिया में समृद्धि यात्रा-2026 के तहत रमना मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिमोट का बटन दबाकर 153 करोड़ रुपये की 125 योजनाओं का शिलान्यास एवं 29 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।इसके बाद मुख्यमंत्री श्री कुमार ने किसान मेला सह कृषि यंत्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया एवं लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

श्री कुमार ने इसके बाद समृद्धि यात्रा-2026 के दौरान पश्चिम चम्पारण जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक के दौरान पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरणजोत सिंह ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिला में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित