पटना , दिसम्बर 15 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को नवनियुक्त 10 आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। श्री कुमार आज 1283 नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों (आयुर्वेदिक, होमियोपैथिक एवं यूनानी) के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुए।

श्री कुमार ने सचिवालय स्थित 'संवाद' में आयोजित इस नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सांकेतिक रूप से नवनियुक्त 10 आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

इन नवनियुक्त 1283 आयुष चिकित्सकों में 685 आयुर्वेदिक, 393 होमियोपैथिक एवं 205 यूनानी चिकित्सक शामिल हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह नेमुख्यमंत्री को पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिये 1283 आयुष चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। चयन प्रक्रिया के क्रम में अभ्यर्थियों द्वारा दिये गये इच्छित जिलों के अनुरूप मेधासूची एवं रिक्ति उपलब्धता के आधार पर राज्य के सभी 38 जिलों के विभिन्न स्तर के स्वास्थ्य संस्थानों में इनका पदस्थापन किया गया है। इन सभी नवनियुक्त 1283 आयुष चिकित्सकों को 'राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम' अंतर्गत संचालित 'चलंत चिकित्सा दल' एवं आयुष चिकित्सा सेवा अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में ओ.पी.डी संचालन एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संचालित अन्य कार्यक्रमों में सहभागिता के लिये विभिन्न चिन्हित स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थापित किया जा रहा है। इससे विद्यालयों में बच्चों की स्वास्थ्य जाँच एवं स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सकेगी।

इन नवचयनित आयुष चिकित्सकों के संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थापन के बाद स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य जाँच तथा बीमारी की पहचान एवं उपचार करने में काफी सुविधा होगी। इससे स्वास्थ्य व्यवस्था और ज्यादा बेहतर होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित