पटना , नवंबर 20 -- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता नीतीश कुमार ने गुरूवार को दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली ।

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने श्री कुमार को ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी।श्री कुमार के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी, एवं विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय तथा जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।

इसके बाद डॉ दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, संतोष कुमार सुमन,मदन सहनी,रामकृपाल यादव, नितिन नवीन, सुनील कुमार, जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण प्रसाद, रमा निषाद, नारायण प्रसाद, प्रमोद कुमार, संजय कुमार सिंह, सुरेन्द्र मेहता, संजय कुमार, श्रेयसी सिंह, दीपक प्रकाश और लखिंद्र कुमार रौशन को मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। इनके अलावा केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, राज्यसभा सांसद उपेन्द्र कुशवाहा, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समेत राजग में शामिल जदयू, भाजपा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के नवनिर्वाचित विधायक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित