भभुआ , मार्च 24 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को समृद्धि यात्रा के दौरान कैमूर जिले को 209 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में कैमूर जिला अंतर्गत चैनपुर प्रखंड के अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के समीप आयोजित कार्यक्रम में 209 करोड़ रुपये की लागत से 204 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 162 करोड़ रुपये की लागत से 161 योजनाओं का उद्घाटन तथा 47 करोड़ रुपये की लागत से 43 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत निर्माणाधीन अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय एवं निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।

श्री कुमार ने अवलोकन के क्रम में 12,668 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 270 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना अंतर्गत द्वितीय एवं तृतीय किस्त की एक करोड़ 14 लाख 25 हजार रुपये का सांकेतिक चेक, सामाजिक पुनर्वास कोष योजना के तहत सांकेतिक चेक, रैन बसेरा अंतर्गत सुयोग्य श्रेणी के लाभुकों को सरकारी भूमि की बंदोबस्ती का प्रमाणपत्र, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अंतर्गत जीविका दीदियों को 279 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक, सतत् जीविकोपार्जन योजना अंतर्गत ई-रिक्शा की चाभी, दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राई साइकिल की चाबी आदि लाभुकों को प्रदान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित