पटना , दिसम्बर 11 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को अधिकाारियों को पूर्वी चंपारण जिले में स्थित केसरिया बौद्ध स्तूप की सुरक्षा बनाये रखने का निर्देश देते हुये वहां निर्माणाधीन टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया में निर्माणाधीन टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां निर्माण कराए जा रहे ऑडिटोरियम, पर्यटकीय सुविधा के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि केसरिया बौद्ध स्तूप को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। उन्होंने कहा कि सेंटर के निर्माण से पर्यटकों को सहूलियत होगी और बौद्ध धर्म के विभिन्न आयामों तथा बिहार के गौरवशाली गाथा को वे जान सकेंगे।उन्होंने निर्देश दिया कि इस टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर का निर्माण कार्य जल्द-से-जल्द पूरा करें।
गौरतालब कि निर्माणाधीन टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर में 5डी थियेटर बनाया जा रहा है, जहां 48 व्यक्तियों के बैठने की सुविधा होगी। यहां महत्वपूर्ण बौद्ध शिक्षाओं से संबंधित फ्रेम प्रदर्शित किए जाएंगे। यह आगंतुकों के लिए परिचयात्मक क्षेत्र के रूप में कार्य करेगा। यहां बिहार पेवेलियन बनाया जाएगा जहां बिहार के ऐतिहासिक विरासत से जुड़े फ्रेम प्रदर्शित किए जाएंगे। राज्य की सांस्कृतिक महत्ता को दर्शानेवाले शैक्षणिक डिस्प्ले का भी निर्माण किया जाएगा। यहां 90 से अधिक मूर्तियों को विशेष बॉक्सनुमा संरचनाओं में स्थापित किया जाएगा और खुले क्षेत्रों में कलात्मक मूर्तियों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही बिहार के विभिन्न ऐतिहासिक बौद्ध स्मारकों की आठ प्रतिकृतियां भी रखी जाएंगी। इन्हें परिसर के चारों कोनों में स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने इसके बाद केसरिया बौद्ध स्तूप परिसर का भ्रमण कर वहां के पर्यटकीय सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार ने केसरिया बौद्ध स्तूप को सुरक्षित रखने एवं विकसित करने के लिए कई काम किये हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि इस परिसर को सुरक्षित रखें, इसका रख-रखाव एवं विकास के लिए कार्य करें। साथ ही पर्यटकीय सुविधाओं का भी ख्याल रखें ।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने इसके बाद ग्राम ताजपुर स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के विभिन्न भागों की साफ-सफाई, मेडिकल सुविधा और दवा की उपलब्धता, निःशुल्क टीकाकरण के बारे में वहां के चिकित्सक से बातचीत की। उन्होंने वहां मौजूद लाभुकों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने उच्च माध्यमिक विद्यालय, ताजपुर के मैदान में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। वहां मौजूद ग्रामवासियों का हालचाल पूछा। उन्होंने जीविका दीदी, रसोइया, आंगनबाड़ी सेविका, ममता कार्यकर्ता, विकास मित्र, तालिमी मरकज और टोला सेवकों से बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां छात्रावास में रह रही छात्राओं से बातचीत की और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के परिसर में बने पुस्तकालय का उद्घाटन कर निरीक्षण किया ।
मुख्यमंत्री ने राजकीय मध्य विद्यालय केसरिया (बालक) के परिसर का जायजा लिया। उन्होंने वहां छात्रों द्वारा आयोजित संगीतमय प्रार्थना, तलवारबाजी, विज्ञान प्रदर्शनी और खेल करतब को देखा। साथ ही मूक-बधिर बच्चियों द्वारा आयोजित नृत्य प्रस्तुति को भी देखा और खुशी व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित